शासकीय हाई स्कूल सुरेहली में मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम संपन्न विद्यार्थियों को सिखाया मिट्टी का महत्व

रेवांचल टाइम्स घुघरी, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के अंतर्गत विकासखंड घुघरी के शासकीय हाई स्कूल सुरेहली में ‘स्कूल सॉइल हेल्थ कार्ड’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, मंडला द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी पीढ़ी में मृदा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
विशेषज्ञों ने दी मिट्टी परीक्षण की जानकारी
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी व सहायक संचालक कृषि श्रीमती माया हिरकाने एवं सहायक संचालक कृषि सुश्री नेहा डहवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मृदा परीक्षण की प्रक्रिया और ‘मृदा स्वास्थ्य कार्ड’ की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।मिट्टी प्रयोगशाला प्रभारी द्विवेदी एवं कृषि विस्तार अधिकारी मुकेश झरिया ने मिट्टी के आवश्यक पोषक तत्वों और संतुलित उर्वरक प्रबंधन की जानकारी दी, ताकि छात्र खेती में वैज्ञानिक तरीकों के महत्व को समझ सकें।
खेतों तक पहुँचे अधिकारी फसल प्रदर्शन का किया अवलोकन
स्कूल में कार्यक्रम के पश्चात विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में कृषि विस्तार अधिकारी मुकेश झरिया के मार्गदर्शन में आयोजित फसल प्रदर्शनों का मैदानी अवलोकन भी किया।
मसूर फसल प्रदर्शन ग्राम सुरेहली में कृषक बाबू दास (पिता शंकर दास) के खेत में लगी मसूर की फसल का निरीक्षण किया गया।
चना फसल प्रदर्शन ग्राम बनिया में कृषक जगत सिंह (पिता हिंदू सिंह) के खेत में चना फसल प्रदर्शन का अवलोकन कर फसल की स्थिति का जायजा लिया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने कृषकों को उन्नत खेती और कीट प्रबंधन के संबंध में आवश्यक तकनीकी सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यालय के शाला प्रभारी, शिक्षक गण, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्थानीय कृषक उपस्थित रहे।

Comments (0)
Add Comment