*भाजपा को मिला मजबूत नेतृत्व, नितिन नवीन के निर्विरोध निर्वाचन पर मंडला में जश्न, आतिशबाजी व मिष्ठान्न वितरण,*
दैनिक रेवाँचल टाईम्स- मंडला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा परिवार के मुखिया नितिन नवीन के निर्विरोध निर्वाचित होने की खुशी में बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और एक-दूसरे को मिष्ठान्न खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में भाजपा जिंदाबाद के नारों के साथ उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में मंडला विधायक व कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके तथा भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया आतिशबाजी की और मिठाइयों का वितरण कर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नितिन नवीन का निर्विरोध निर्वाचन भाजपा संगठन की एकता, अनुशासन और मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करने वाला एक विशाल परिवार है।
उन्होंने आगे कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन का नेतृत्व संगठन को नई ऊर्जा देगा। उनके अनुभव और दूरदर्शिता से पार्टी देश के प्रत्येक कोने तक विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की योजनाओं को और मजबूती से पहुंचाएगी। भाजपा की नीति ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ को जमीन पर उतारने में उनका मार्गदर्शन अहम भूमिका निभाएगा।”
कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और प्रदेश सरकारें निरंतर जनकल्याण के कार्य कर रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण ही पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है। आने वाले समय में संगठन और अधिक सशक्त होकर जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगा,
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर पूर्ण सहमति और विश्वास है। उन्होंने कहा नितिन नवीन का नेतृत्व भाजपा के सिद्धांतों और मूल्यों को और मजबूत करेगा। संगठनात्मक दृष्टि से यह निर्णय ऐतिहासिक है, जो आने वाले चुनावों और जनआंदोलनों में पार्टी को नई दिशा देगा।
प्रफुल्ल मिश्रा ने जिले के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि मंडला जिला हमेशा से संगठनात्मक कार्यों में अग्रणी रहा है। चाहे चुनावी अभियान हो या जनसेवा के कार्यक्रम, हमारे कार्यकर्ताओं ने हमेशा समर्पण भाव से काम किया है। राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हम जिले में संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करेंगे, भाजपा की नीतियों और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी । युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को और गति दी जाएगी तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।