मंडला। जिले के हिरदेनगर स्थित पदमी की एक मक्का मिल में दर्दनाक हादसा हो गया। मक्का पीसने वाली मशीन के टैंक में गिरने से मजदूर सोनू रघुवंशी की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा पैर फिसलने के कारण हुआ। घटना के बाद श्रमिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया गया है कि सोनू मिल में मक्का पीसने वाली मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह सीधे चलती मशीन के टैंक में गिर गया। उस वक्त मौके पर कोई अन्य कर्मचारी मौजूद नहीं था और मशीन लगातार चलती रही। काफी देर तक सोनू के नजर न आने पर साथियों ने खोजबीन की, तब उसका शव टैंक के भीतर मक्का पाउडर में दबा मिला। मौत की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद मर्ग कायम कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में हादसे के कारणों के साथ-साथ फैक्ट्री प्रबंधन की संभावित लापरवाही की भी पड़ताल होगी। लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों को मदद का आश्वासन
मक्का मिल के संचालक सुशील पमनानी ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 12 बजे घटना की जानकारी मिली। उनके अनुसार मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पमनानी ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
इधर, कुछ सहकर्मी मजदूरों ने आरोप लगाया है कि सोनू शराब का आदी था और नशे की हालत में काम करता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल, यह हादसा औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और निगरानी की कमी पर एक बार फिर सवाल खड़े करता है।