भाजपा जिला प्रभारी दीपांकर बैनर्जी का पांढुर्णा प्रवास कार्यकर्ताओं को दिया जीत और अनुशासन का मूल मंत्र

रेवांचल टाइम्स ​पांढुर्णा
जितेन्द्र अलबेला

भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी दीपांकर बैनर्जी ने शुक्रवार को पांढुर्णा-सौसर जिले का अपना पहला संगठनात्मक प्रवास किया। प्रवास की शुरुआत उन्होंने प्रसिद्ध जामसांवली हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ की।

अनुशासन और निष्ठा सर्वोपरि
सौसर और पांढुर्णा में आयोजित बैठकों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बैनर्जी ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा दल है जो देशहित में कार्य करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं को पद के लालच के बिना निःस्वार्थ भाव से काम करना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “दूसरों की लकीर छोटी करने के बजाय अपनी लकीर बड़ी करने का प्रयास करें। सकारात्मक सोच ही हमें वांछित परिणाम दिला सकती है।

संगठनात्मक चर्चा और आगामी अभियान
प्रभारी ने जिला कोर कमेटी और पदाधिकारियों के साथ गोपनीय मंत्रणा की। उन्होंने ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रवास से ही विशिष्ट नेतृत्व का निर्माण होता है।

सादगी की मिसाल
प्रवास के दौरान बैनर्जी की सादगी चर्चा का विषय रही। उन्होंने पांढुर्णा में एक सामान्य कार्यकर्ता मोहन घोड़े के निवास पर सादगीपूर्ण भोजन किया और कार्यकर्ताओं के पारिवारिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की।

समर्पण निधि का चेक सौंपा
जिला कार्यालय में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय समर्पण अभियान’ के तहत 2 लाख 50 हजार रुपये की राशि का चेक जिला प्रभारी को सौंपा गया। इस दौरान पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड, जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड और पूर्व जिला अध्यक्ष वैशाली महाले ने बैनर्जी के राजनीतिक संघर्ष और उनके परिवार की निष्ठा को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Comments (0)
Add Comment