दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला।नगर क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। खाद्य, राजस्व और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई होटलों और ढाबों पर औचक छापेमारी की, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमों के विपरीत 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग कर खाना बनाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मंडला नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। टीम के पहुंचते ही कई होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान एनएच-30 पर संचालित एक रेस्टोरेंट से सबसे अधिक 3 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा राजस्थानी ढाबा से भी 3 सिलेंडर, विशाल भोजनालय से 1 सिलेंडर तथा विशाल ढाबा से 1 सिलेंडर जब्त किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है। जब्त किए गए सभी 8 सिलेंडरों के संबंध में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वही इस संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी तहसीलदार हिमांशु भलावी, जिला आपूर्ति अधिकारी संत कुमार भलावी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की संयुक्त जांच लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने होटल और ढाबा संचालकों को चेतावनी दी है कि वे केवल नीले रंग के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का ही उपयोग करें, अन्यथा उनके लाइसेंस निरस्त करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।