दैनिक रेवांचल टाईम्स – बजाग, थाना बजाग पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिजौरा निवासी आरोपी हरि सिंह (40 वर्ष), पिता पथरी सिंह, पिछले लगभग सात वर्षों से फरार चल रहा था।
वही आरोपी के विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 1409/2018 के तहत धारा 294, 323, 324, 336 एवं 506 भारतीय दंड विधान के अंतर्गत मामला विचाराधीन था। न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को ग्राम चांदरानी, थाना समनापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोविंद मार्को, आरक्षक भंवर सिंह तथा ग्राम रक्षा समिति के सदस्य प्रवीण साहू एवं रमाशंकर बघेल का विशेष योगदान रहा।