“राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड परीक्षा एवं सम्मान कार्यक्रम में सहभागिता हेतु जिले से चयनित चार विद्यार्थी हुए ग्वालियर रवाना

 

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – जबलपुर| राज्यशिक्षा केंद्र के निर्देश अनुसार जिले के सभी विकासखंडों के मुख्यालय पर शासकीय स्कूलों के कक्षा 2 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया था. जिसमें 1616 विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता की थी. यह परीक्षा कक्षा 2- 3, 4-5, एवं 6 से 8 स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी. यह परीक्षा ओएमआर शीट पर आधारित थी जिससे बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सहायता मिलेगी.यह ओलंपियाड परीक्षा कक्षा 2 -3 के विद्यार्थियों के लिए हिन्दी, गणित, अंग्रेजी,कक्षा 4-5 के विद्यार्थियों के लिए हिंदी, गणित, अंग्रेजी,पर्यावरण, तथा कक्षा 6 से 8 के लिए सामान्य ज्ञान,हिंदी, संस्कृत,गणित, सामाजिक विज्ञान,अंग्रेजी विषयों पर आधारित थी. पूर्व में शाला स्तर से पंजीकृत छात्र-छात्राओं ने जन शिक्षा केंद्र स्तर की ओलंपियाड परीक्षा में सहभागिता की.इसके पश्चात जनशिक्षा केंद्र स्तर से चयनित छात्र-छात्राओं ने जिला स्तर की ओलंपियाड परीक्षा में सहभागिता की थी. इसके साथ ही डीपीसी योगेश शर्मा के द्वारा द्वारा राज्य स्तर के अंग्रेजी ओलंपियाड के लिये चयनित चार छात्र- छात्राओं, उनके अभिभावक एवं मार्गदर्शक शिक्षक को आज 21 मार्च 2026 को ग्वालियर रवाना किया गया. यह बच्चे 22 एवं 23 मार्च 2026 को ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड एवं सम्मान समारोह में सहभागिता करेंगे. इन चयनित छात्र-छात्राओं में सिहोरा विकासखंड से कक्षा दूसरी की छात्रा दिव्या रजक, सिहोरा विकासखंड से ही कक्षा तीसरी की छात्रा सान्या हल्दकार, शहपुरा विकासखंड से कक्षा चौथी की छात्रा दीपिका मेहरा तथा पनागर विकासखंड से कक्षा पांचवी की छात्रा नाविका पटेल का चयन हुआ है. राज्य स्तरीय ओलंपियाड के लिए जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, डीपीसी योगेश शर्मा, एपीसी राजेश तिवारी, बीएसी अजय रजक, वीरेंद्र पटेल ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी .ओलंपियाड परीक्षा आयोजन का उद्देश्य शासकीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं में चिंतन, तार्किक क्षमता, सामाजिक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है.

Comments (0)
Add Comment