NH-30 पर भीषण टक्कर: ट्राला ने ट्रक को मारी जोरदार भिड़ंत, मजदूर की मौत

मुआवज़े की मांग को लेकर ग्रामीणों का चक्का जाम, घंटों ठप रहा हाईवे

 

दैनिक रेवांचल टाईम्स | मंडलामंडला जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चारटोल टोल प्लाजा के पास लकड़ी परिवहन कर रहे ट्रक को एक तेज रफ्तार ट्राला ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मजदूरों ने मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

इलाज से पहले ही जिंदगी की डोर टूटी

हादसे के तुरंत बाद घायल मजदूर को एंबुलेंस से बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

मजदूर की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों और साथी मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया।

मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर लोगों ने टोल टैक्स के पास हाईवे जाम कर दिया।

प्रशासन के समझाने पर खुला जाम

सूचना मिलते ही बैहर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझाइश दी। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका और यातायात सामान्य हुआ।

बड़ा सवाल

NH-30 पर लगातार बढ़ते हादसे आखिर कब थमेंगे? तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत कब तक मजदूर और आम लोग अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे?

Comments (0)
Add Comment