दैनिक रेवांचल टाईम्स – इन दिनों अबैध कारोबारियों की बाढ़ सी आ गई है जहाँ खुलेआम गली गली देशी विदेशी शराब की बिक्री जोरो पर है और मानो की जिम्मेदार विभाग के साथ साथ पुलिस विभाग भी इस न देखने की कसम खा रही हो।
वही सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी जिले के थाना बाकल क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अवैध शराब का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि शराब ठेकेदार अवैध पैकारियों के जरिए गांव-गांव में शराब बिकवा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, ठेकेदार के गुर्गे बिना नंबर के वाहनों से दबंगई के साथ अवैध शराब की खेप गांवों तक पहुंचाते हैं। इस पूरे नेटवर्क पर पुलिस विभाग और आबकारी विभाग की कथित ढील के कारण कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब ग्रामीण इस अवैध कारोबार का विरोध करते हैं, तो आरोप है कि ठेकेदार पुलिस से सांठगांठ कर विरोध करने वालों के खिलाफ ही झूठे शराब के मामले दर्ज करवा देता है। कई लोगों को जेल तक भेजे जाने की बात भी सामने आई है।
इस स्थिति से गांवों में भय और असुरक्षा का माहौल है। महिलाओं और आम नागरिकों का कहना है कि शराबियों के कारण उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
वही स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अवैध शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल हो सके।