मंडला। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नर्मदा नदी के कुंभ स्थल के पास झाड़ियों में एक युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला, जबकि युवती का शव पास ही झाड़ियों में गंभीर हालत में पड़ा पाया गया। घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं, जिससे मामला बेहद संदिग्ध माना जा रहा है।
24 मार्च से थे लापता
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और 24 मार्च से लापता थे। इस संबंध में महाराजपुर थाने में युवक की गुमशुदगी और युवती के अपहरण का मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका था।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी रजत सकलेचा और एसडीओपी पियूष मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
5-6 दिन पुराने हो सकते हैं शव
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों शव करीब 5 से 6 दिन पुराने हो सकते हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।