दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडलामंडला जिले में डंपरों के बढ़ते आतंक ने एक बार फिर भयावह रूप ले लिया है। घुघरी विकासखंड के उमरिया ग्राम में सोमवार, 30 मार्च की सुबह करीब 9:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने सवारियों से भरी बस को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में लगभग 24 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक को सबसे अधिक चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक चालक के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य में लगा डंपर तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने डंपर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया है।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को घुघरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल
वही स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में निर्माण कार्यों के चलते भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी गति पर कोई नियंत्रण नहीं है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर के.के. खरे द्वारा डंपरों पर रोक लगाई गई थी, बावजूद इसके फिर से डंपरों का संचालन शुरू हो गया है और हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
जिम्मेदार बेखबर, हादसे बढ़ते जा रहे
लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे और भी भयावह रूप ले सकते हैं।