दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले जनपद पंचायत मंडला में संचालित “माँ की बगिया योजना” में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष संदीप सिंगौर ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उपाध्यक्ष संदीप सिंगौर के अनुसार योजना के अंतर्गत कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर कार्य कराए गए हैं। आरोप है कि कुछ जगहों पर कार्य अधूरे होने के बावजूद भुगतान कर दिया गया, जबकि कई निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। इससे शासन की राशि के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ कार्य केवल कागजों में पूर्ण दर्शाए गए हैं, जबकि वास्तविकता में कार्य अधूरे या मानक के अनुरूप नहीं हैं। इससे योजना के उद्देश्य और लाभार्थियों को मिलने वाले लाभ पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
जनपद उपाध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही संदीप सिंगौर ने जिले के सभी राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों को भी पत्र लिखकर इस कथित भ्रष्टाचार के विरोध में एकजुट होने की अपील की है, ताकि योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले को किस प्रकार लेते हुए आगे क्या कदम उठाता है।