रेवांचल टाइम्स घुघरी मंडला जिले के घुघरी और सलवाह मंडलों में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” का विधिवत शुभारंभ हुआ। संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। मंत्री उईके ने प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं का पंजीयन कर उन्हें भाजपा का फीता पहनाकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होते हैं और उनके माध्यम से ही सरकार की नीतियाँ जनता तक प्रभावी रूप से पहुँचती हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामप्रकाश साहू, वरिष्ठ नेता महेंद्र राठौर, देवदत्त झा और बिजेंद्र कोकड़िया प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा जनपद अध्यक्ष जनिया बाई मरावी की भी विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन और समन्वय मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र धुर्वे (घुघरी) एवं राजकुमार चौकसे (सलवाह) के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान रामकली प्रजापति, शंभू साहू, संजय साहू, श्रीराम अग्रवाल, महेंद्र चौकसे, मुन्ना चक्रवर्ती, पंचलाल साहू, बजारी लाल मरावी और मीडिया प्रभारी दुर्गेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।दो दिवसीय इस प्रशिक्षण महाअभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराना है। साथ ही उन्हें इस बात के लिए प्रेरित करना है कि वे समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सेवा और विकास की योजनाओं को पहुँचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के आगामी सत्रों में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक क्षमता और भी मजबूत हो सके।