दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले के भुआ बिछिया में श्री हनुमान जन्मोत्सव (02 अप्रैल, गुरुवार) के शुभ अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद (बजरंग दल) जिला बिछिया के तत्वाधान में नगर एवं ग्रामों के सर्व हिन्दू समाज द्वारा वाहन रैली कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम ब्रह्ममुहूर्त की बेला में नगर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में पूजन कार्यक्रम संपन्न किया गया। तत्पश्चात सायं 03.00 बजे नगर एवं क्षेत्र के सर्व हिन्दू समाज का विनोद रंगमंच, बिछिया में एकत्रीकरण हुआ। श्री हनुमान जी महाराज की झांकी सजाकर नगर के सभी सम्मानीय गणमान्य लोगों तथा युवा बजरंगी भाईयों द्वारा वाहन रैली प्रारंभ की गई। वाहन रैली भ्रमण के दौरान मार्ग में आने वाले प्रत्येक हनुमान मंदिर में सनातनी कार्यकर्ताओं द्वारा भेंट अर्पित की गई। उक्त वाहन रैली विनोद रंगमंच से भड़ंगा होते हुए लौटकर जंतीपुर हनुमान मंदिर से बस स्टैंड एवं भुआ, बंजारी भ्रमण करते हुए पुनः वाहन रैली का समापन विनोद रंगमंच में हुआ। जहां पर पुलिस थाना प्रांगण में स्थित श्री हनुमान मंदिर में भव्य आरती पूजन किया गया एवं प्रसाद भंडारा वितरित किया गया। उक्त संपूर्ण वाहन रैली कार्यक्रम का भव्यता पूर्वक संचालन एवं समापन हुआ, जिसमें नगर एवं ग्रामों से आए हुए सभी गणमान्य वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, युवा बजरंगी साथी तथा आमजन उपस्थित रहे।