दैनिक रेवाँचल टाईम्स- बजाग, नगर के मध्य स्थित बजरंग मंदिर में आज पवनपुत्र श्री हनुमान जी के पावन जन्मोत्सव (प्राकट्योत्सव) के अवसर पर भक्तों द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए । पूरे मंदिर परिसर को भव्य सजावट एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया, था जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विधि-विधान के साथ भगवान श्री हनुमान जी का विशेष पूजन-अर्चन किया गया तथा उन्हें चोला अर्पित कर मनोकामनाएं मांगी गईं। तत्पश्चात हवन-पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस पावन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किया।
सायंकालीन बेला में श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड का भक्तिभाव से पाठ किया गया। भजन-कीर्तन और जयकारों से संपूर्ण वातावरण “जय श्री राम” और “बजरंग बली की जय” के उद्घोष से गूंज उठा।
पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति देखते ही बन रही थी, जिससे हनुमान जन्मोत्सव का यह पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास एवं धार्मिक गरिमा के साथ मनाया गया।
नगर में साप्ताहिक बाजार दिवस होने के चलते इस धार्मिक आयोजन में भक्त भारी संख्या में पहुंचे।