कुर्मी समाज विकास संगठन के त्रैवार्षिक चुनाव आगामी 12 अप्रैल को

 

*आमसभा में जुटेंगे जिलेभर के सदस्य*

दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला। जिले में सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कुर्मी समाज विकास संगठन, जिला मंडला के त्रैवार्षिक चुनाव आगामी 12 अप्रैल (रविवार) को आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में हाल ही में बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में समाज के स्वजातीय भाई-बहनों की एक अहम बैठक संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से चुनाव की तिथि तय की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे से विशेष आमसभा आयोजित कर संगठन के विभिन्न पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इस अवसर पर जिले के विभिन्न ग्रामों से जुड़े संगठन के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन, मातृशक्ति और युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

संगठन के पदाधिकारियों ने जिलेभर के कुर्मी समाज से जुड़े सभी लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आमसभा में भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि कुर्मी समाज विकास संगठन द्वारा हर तीन वर्ष में आमसभा के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाते हुए नए पदाधिकारियों का चयन किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी समाज के विकास और उत्थान के लिए समर्पित व्यक्तियों को नेतृत्व सौंपने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
वही यह चुनाव न केवल संगठनात्मक बदलाव का अवसर होगा, बल्कि समाज में एकजुटता, नेतृत्व क्षमता और विकास की नई दिशा तय करने का भी मंच बनेगा।

Comments (0)
Add Comment