रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
शहर के खेल प्रेमियों और ब्राह्मण समाज के युवाओं के लिए इंतज़ार की घड़ियाँ समाप्त हो गई हैं। सामाजिक एकता और खेल भावना के अनूठे संगम ‘ब्रह्म समाज प्रीमियर लीग’ (BSPL) सीजन-2 का भव्य शुभारंभ आज, 08 अप्रैल से होने जा रहा है।
ब्रह्म समाज कल्याण मंडल के मार्गदर्शन में युवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित यह क्रिकेट महाकुंभ 12 अप्रैल तक शहर के खेल प्रेमियों को रोमांचित करेगा।
प्रोफेशनल अंदाज में दिखेगी खेल प्रतिभा
समाज के अध्यक्ष विजय पांडे ने बताया कि पिछले वर्ष की अभूतपूर्व सफलता ने इस सीजन को और भी भव्य बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, यह लीग केवल चौके-छक्कों का खेल नहीं है, बल्कि यह हमारे युवाओं को एक सूत्र में पिरोने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास है।
16 टीमें, एक लक्ष्य जीत का जुनून
युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रोहित बंटी द्विवेदी के अनुसार, इस वर्ष प्रतियोगिता का आकर्षण दोगुना है
टीमें कुल 16 टीमें मैदान में उतरेंगी, जिनमें 12 पुरुषों की और 04 महिलाओं की टीम शामिल हैं।
मॉडल खिलाड़ियों का चयन पूर्णत फ्रेंचाइजी मॉडल पर किया गया है, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों जैसा प्रोफेशनल अनुभव देगा।
सभी मुकाबले रेलवे स्टेशन के पास, सिवनी रोड स्थित आधुनिक टर्फ मैदान पर खेले जाएंगे।
शाम को होगा रंगारंग आगाज
लीग का औपचारिक उद्घाटन आज बुधवार शाम 06:00 बजे एक भव्य समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन और पदाधिकारी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। दर्शकों के लिए मैदान पर बैठने की उत्तम व्यवस्था और दूधिया रोशनी का विशेष प्रबंध किया गया है।
आयोजन समिति ने शहर के सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुँचकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएं।
महिला टीमों की भागीदारी ने इस आयोजन को और अधिक समावेशी बनाया है।