दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मण्डला।जिले के नारायणगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम पटेहरा में क्रांतिकारी वीर राजा हिरदेशाह लोधी की पुण्यतिथि पर मनाए जाने वाले शौर्य दिवस को लेकर एक विशेष बैठक एवं कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक जनों को बताया गया कि आगामी 28 अप्रैल 2026 को जम्बूरी मैदान, भोपाल में राजा हिरदेशाह लोधी की स्मृति में “शौर्य दिवस” मनाया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से लाखों लोग शौर्य यात्रा के माध्यम से शामिल होंगे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी। 1842 की क्रांति के अगुवा नेतृत्वकर्ता राजा हिरदेशाह लोधी ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा किया। उनके नेतृत्व में लगभग 25 हजार सैनिकों तथा हजारों की संख्या में विभिन्न समाजों के लोगों ने अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंका था। इस ऐतिहासिक आंदोलन ने बुंदेलखंड सहित पूरे क्षेत्र में स्वतंत्रता की चिंगारी जगा दी थी।
वक्ताओं ने बताया कि इस संघर्ष में अनेक वीरों का योगदान रहा, जिनमें वीरांगना अवंतीबाई लोधी, राजा किशोर सिंह लोधी, राजा डेलनशाह और गजराज सिंह लोधी जैसे क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया। करीब 18 माह तक चले इस भीषण आंदोलन से अंग्रेजी शासन की नींव हिल गई थी।
बैठक में बताया गया कि शौर्य यात्रा और शौर्य दिवस का मुख्य उद्देश्य इन गुमनाम क्रांतिकारियों को इतिहास में उचित स्थान दिलाना, उनकी वीर गाथाओं को पाठ्य पुस्तकों में शामिल करवाना और प्रदेश के महत्वपूर्ण स्थानों पर स्मारकों की स्थापना करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके शौर्य और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम में सभी सामाजिक बंधुओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में 28 अप्रैल 2026 को भोपाल में आयोजित शौर्य दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर क्रांतिकारी राजा हिरदेशाह लोधी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।
वही इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जालम सिंह पटेल, एडवोकेट रामेश्वर सिंह ठाकुर, संजय पटेल, रतन ठाकुर, कन्हैया ठाकुर, विनायक शाह, बाल सिंह ठाकुर, उमेश सिंगरोरे तथा सावन सिंह ठाकुर सहित अनेक सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।