मंडला पुलिस विभाग का ग़ज़ब कारनामा…?


(दैनिक रेवांचल टाइम्स विशेष)

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला जिले में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना बम्हनी क्षेत्र में बीते सप्ताह पुलिस द्वारा जिस जुआ फड़ पर कार्रवाई की गई थी, वही अवैध जुआ कारोबार अब फिर से सक्रिय हो गया है।
बताया जा रहा है कि कातामाल क्षेत्र से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों की जोड़ी एक बार फिर मैदान में उतर आई है और स्थान बदल-बदलकर जुआ खिलाया जा रहा है। यह भी सामने आया है कि यह अवैध गतिविधि पिछले लगभग तीन वर्षों से लगातार अलग-अलग स्थानों पर संचालित होती रही है।
वही सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में रेत खदान के पास पुलिस ने जिस जुआ अड्डे पर छापा मारा था, उसके बाद कुछ दिन सन्नाटा रहा, लेकिन अब फिर से जुआरियों का जमावड़ा लगने लगा है।
सबसे चौंकाने वाला दावा एक कथित खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर किया। उसके अनुसार, जिस रेड में पुलिस ने मीडिया को करीब 11 लाख रुपये की जब्ती बताई थी, असल में मौके पर 80 से 85 लाख रुपये तक की राशि मौजूद थी। अगर यह आरोप सही है, तो यह सीधे-सीधे कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है।
यहीं नहीं, एक और गंभीर आरोप सामने आया है कि दबिश के दौरान जुआ संचालक (नाल काटने वाला) ने एक पुलिस अधिकारी के साथ हाथापाई करते हुए थप्पड़ तक जड़ दिए। इसके बावजूद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के बजाय उन्हें पकड़कर केस बनाया गया और फिर जमानत पर छोड़ दिया गया।
सूत्र यह भी संकेत दे रहे हैं कि मामले को “ठंडा” करने के लिए कथित तौर पर मोटी रकम का लेन-देन हुआ। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अगर इसमें सच्चाई है, तो यह पुलिस व्यवस्था की साख पर बड़ा धब्बा साबित हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल:
क्या मंडला पुलिस की कार्रवाई सिर्फ दिखावा बनकर रह गई है?
क्या अवैध जुआ कारोबार को संरक्षण मिल रहा है?
और यदि इतना बड़ा मामला सामने आया है, तो उच्च अधिकारियों की चुप्पी क्यों?
दैनिक रेवांचल टाइम्स इस पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रहा है।
शेष खुलासे और प्रमाणों के साथ अगली कड़ी जल्द…

Comments (0)
Add Comment