यात्री व बच्चों की सुरक्षा हेतु विशेष अभियान 127 यात्री बसें एवं 8 स्कूल बसों पर चालानी कार्यवाही, ₹1,57,000 का जुर्माना वसूला गया

“रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले यातायात नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई — 1521 चालान, ₹7.82 लाख समन शुल्क वसूला”

माननीय मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में स्कूली बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था एवं आम नागरिकों की यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु दिनांक 13 मई 2025 से 31 मई 2025 तक विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली एवं यात्री परिवहन वाहनों की सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच करना था।

मंडला जिले में इस अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं चेकिंग प्वाइंट्स पर गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान न केवल स्कूल वाहनों, बल्कि सामान्य यात्री परिवहन वाहनों की भी विधिवत जांच की गई। साथ ही, सभी स्कूल वाहन संचालकों को यह अनिवार्य रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों में आकस्मिक सेवा (जैसे पुलिस, एम्बुलेंस आदि) के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इस व्यापक अभियान के दौरान 127 यात्री बसों एवं 8 स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई, एवं कुल ₹1,57,000 का जुर्माना वसूला गया।

परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे। यदि किसी भी शैक्षणिक संस्था या वाहन संचालक द्वारा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया या नियमों की अनदेखी पाई गई, तो उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी, जिसमें वाहन जब्ती एवं परिवहन अनुज्ञा (परमिट) रद्द किए जाने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर POS मशीनों के माध्यम से की गई चालानी कार्यवाही, कुल 1521 चालान, ₹7,82,100 समन शुल्क वसूला गया

दिनांक 01 मई 2025 से 31 मई 2025 तक मंडला जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में POS मशीन के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष चालानी अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा सघन जांच एवं निगरानी करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई।

वही इस दौरान जिले भर के 14 थाना/चौकियों में कुल 1521 चालान बनाए गए एवं नियम उल्लंघन करने वालों से ₹7,82,100 का समन शुल्क वसूला गया।

Comments (0)
Add Comment