मंडला 8 अप्रैल 2025
प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने सोमवार को मंडला जिले के ग्राम पंचायत टिकरवारा में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना की तैयारियों का निरीक्षण किया। उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री विवाह/निकाह सामूहिक कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने टिकरवारा में विवाह स्थल, मंच व्यवस्था, टेंट व्यवस्था, मंडप व्यवस्था, प्रकाश का प्रबंध, विद्युत व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, पेयजल प्रबंध, पार्किंग व्यवस्था सहित की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मंडला श्री विनोद मरावी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि 16 अप्रैल 2025 को ग्राम पंचायत टिकरवारा में आयोजित मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आयेंगे। ग्राम पंचायत टिकरवारा में आयोजित मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना में जनपद पंचायत मंडला, नैनपुर, नगरपालिका मंडला, नैनपुर और नगर परिषद बम्हनी बंजर सम्मिलित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजनांतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मलित होने वाले जोड़े में से कन्या को 49000 रूपए की राशि का एकाउंट पेयी चैक सहायता राशि के रूप में प्रदान किये जाने का प्रावधान है। साथ ही विवाह कार्यक्रम आयोजन हेतु आयोजक निकाय को 6000 रूपए प्रति जोड़े के मान से राशि प्रदाय की जाती है। इस प्रकार कुल 55000 रूपए प्रतिजोड़े की राशि का प्रावधान है। उपरोक्त निकायों के इच्छुक वर-वधु मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजनांतर्गत संबंधित निकाय में आवेदन निर्धारित दस्तावेजों सहित जमा कर इस योजनांतर्गत सहायता राशि प्राप्त कर सकता है।