नेशनल हाईवे 30 पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने ली जबलपुर के दो युवकों की जान

मंडला। जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें जबलपुर के दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जिओ पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान जबलपुर के बिलहरी क्षेत्र निवासी कमलेश तेकाम और रामलाल उइके के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से जबलपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में हड़कंप फैल गया।

सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments (0)
Add Comment