जय श्री राम के जयघोष से गूंजा बजाग नगर ,नवनिर्मित श्री राम मंदिर से निकली भव्य कलश एवं शोभायात्रा,

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बैठकी के दिन गुरुवार को नवनिर्मित श्री राम मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी की मूर्तियों की पुनः स्थापना के साथ भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। इस अवसर पर नगर में आकर्षक कलश यात्रा एवं भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान महिलाएं सिर पर कलश एवं भगवान श्रीराम-सीता की प्रतिमा धारण कर भक्ति भाव से नगर भ्रमण करती नजर आईं। बैंड-बाजे, जयकारों और आतिशबाजी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रैली में भगवा ध्वज, झांकियां एवं सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र रहे।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भगवा परिधानों में कलश लेकर अनुशासित ढंग से आगे बढ़ती दिखाई दीं, वहीं पीछे श्रद्धालुओं की लंबी कतार, धार्मिक झांकियां और ध्वज यात्रा की भव्यता को और बढ़ा रहे थे। बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

वही मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। सर्वप्रथम मंदिर से पीठ पूजा कर कलश यात्रा निकाली गई। इस मौके पर नौ दिवसीय संगीतमय रामकथा का आयोजन भी प्रारंभ हुआ है, जिसका वाचन परम पूज्य पंडित कालका प्रसाद शास्त्री जी (मानस मधुर, जबलपुर) द्वारा किया जा रहा है। यह रामकथा प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से सायंकाल तक एवं रामनवमी तक चलेगी।

कार्यक्रम का आयोजन राम मंदिर समिति एवं सकल साहू समाज के तत्वाधान में किया जा रहा है। कथावाचक शास्त्री जी का रथ में बैठाकर भव्य स्वागत भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्ति, आस्था और उत्सव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरे नगर का वातावरण गूंजता रहा।

Comments (0)
Add Comment