दैनिक रेवाँचल टाईम्स – बजाग के ग्राम मोहतरा में स्थानीय प्रशासन की लापरवाही की एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। यहां स्थित एक विशालकाय एवं जर्जर पेड़ कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। चिंताजनक बात यह है कि इसी खतरे के साये में डाकघर, राजस्व विभाग का कार्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह पेड़ काफी पुराना हो चुका है और इसकी कई शाखाएं पहले भी टूटकर गिर चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक न तो इसे हटाने की पहल की गई है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस स्थान पर प्रतिदिन कर्मचारी, ग्रामीण और छोटे-छोटे बच्चे बड़ी संख्या में आते-जाते हैं। आंगनवाड़ी केंद्र में मासूम बच्चों की मौजूदगी इस खतरे को और गंभीर बना देती है।
वर्तमान समय में क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का दौर जारी है। मौसम विभाग द्वारा लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है। ऐसे में यह जर्जर पेड़ किसी भी समय गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल पेड़ को हटाया जाए या आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी भी अनहोनी से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।