रेवांचल टाइम्स पांढुर्णा मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी प्रशासनिक फेरबदल के बाद, नीरज कुमार वशिष्ठ ने पांढुर्णा जिले के नए कलेक्टर के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने निवर्तमान कलेक्टर अजय देव शर्मा का स्थान लिया है, जिनका तबादला उप सचिव, राजस्व विभाग, भोपाल के पद पर किया गया है।
नवनियुक्त कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ इससे पहले भोपाल में संचालक, विमुक्त घुमन्तु एवं अर्धघुमन्तु जनजाति के पद पर कार्यरत थे। पांढुर्णा जिले में कलेक्टर का पदभार संभालते ही, उन्होंने जिले के प्रशासनिक कार्यों और प्रमुख योजनाओं की जानकारी ली।
श्री वशिष्ठ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शासन की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पांढुर्णा, जो हाल ही में एक नया जिला बना है, के विकास कार्यों को गति देना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए कलेक्टर का स्वागत किया और उन्हें जिले के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। श्री वशिष्ठ के पदभार ग्रहण करने से जिले के प्रशासनिक कामकाज में नई गति आने की उम्मीद है।