​विद्या भूमि पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस की धूम: देशभक्ति के रंग और उपलब्धियों का गौरव

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा|स्थानीय विद्या भूमि पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की मुख्य अतिथि विद्यालय प्रशासिका डॉ. विजया यादव एवं तकनीकी डायरेक्टर विशेष यादव रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद पूरा परिसर राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा।
*​मार्चपास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*
​ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय के विभिन्न हाउस प्रतिनिधियों को ‘हाउस फ्लैग’ प्रदान किए गए। इसके बाद छात्रों ने अनुशासित मार्चपास्ट और पीटी का प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक दक्षता का परिचय दिया। नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, कविताओं और नृत्यों के माध्यम से भारतीय गणतंत्र की महत्ता को रेखांकित किया।
*​अंशिका पवार ने बढ़ाया जिले का मान*
​इस वर्ष का गणतंत्र दिवस विद्यालय के लिए ऐतिहासिक रहा। कक्षा 12वीं की छात्रा अंशिका पवार को सीबीएसई द्वारा आयोजित ‘वीर गाथा 5.0’ कविता लेखन प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर नई दिल्ली में सम्मानित किया गया।
24 जनवरी को दिल्ली में सम्मान पाने के बाद, गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने भी अंशिका को उनकी इस असाधारण उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
​प्रशासिका का संदेश जिम्मेदारी ही सशक्त नागरिक की पहचान
​मुख्य अतिथि डॉ. विजया यादव ने अपने संबोधन में छात्रों को गणतंत्र के महत्व को समझाते हुए कहा कि अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से पालन करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज सेवा के विद्यालय के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर वार्षिक पुरस्कारों का वितरण भी किया गया।
​वंदे मातरम के साथ समापन
​कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्षीय समारोह के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन के साथ हुआ। अंत में सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव ने इस सफलता और राष्ट्रीय पर्व पर सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को शुभकामनाएं दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.