एसपीएल फाइनल रोमांचक मुकाबले में वननेस टीम बनी चैंपियन

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, सिंधी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ समापन, चिराग बने मैन ऑफ द सीरीज नगर में आयोजित सिंधी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता ने लोगों का दिल जीत लिया। श्री झूलेलाल क्रिकेट काउंसिल के द्वारा पौड़ी महाराजपुर के खेल परिसर में सिंधी समाज के युवाओं के द्वारा एक पहल की गई,जिसमें रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया,12 टीमों की सहभागिता में नन्हे बच्चों से लेकर बड़ी उम्र तक के सामाजिक जनों ने क्रिकेट में अपना जौहर दिखाया,मैचों की इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम फाइनल पहुंची।
फाइनल मैच वननेस टीम एवं सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स टीम के बीच खेला गया। जिसमें सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतते हुए पहले बॉलिंग का फैसला किया।दोनों टीमों के लिए दस दस ओवर निर्धारित किए गए। वननेस टीम ने पहले शानदार बैटिंग करते हुए 10 ओवर में तीन विकेट पर 63 रन बनाए। इसके बाद सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स टीम रनों को चैस करते हुए 10 ओवर में छह विकेट पर 54 रन ही बना सकी। फाइनल मैच वननेस टीम ने 9 रन से अपने नाम किया और सिंधी प्रीमियर लीग की चैंपियन बनी।
इससे पहले मैच की शुरुआत सभी सदस्यों के द्वारा भगवान झूलेलाल की आरती आराधना से की गई। राष्ट्रगान के साथ भारत माता के जयकारे लगाए। सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय दिया गया।इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत के सदस्य,सिंधु नवयुवक मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी आलोक फागवानी को सम्मानित किया गया।सीरीज में बेस्ट बैट्समैन दक्ष जेठमलानी, बेस्ट बॉलर मोन्टी गिदवानी,बेस्ट फील्डर तुषार सामतानी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।सीरीज में नन्हे खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के कारण मां नर्मदा सिंधु सेवा समिति के द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष पारस असरानी एवं आयोजक सदस्य मनोज फागवानी ने युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए प्रेरणादायी उदबोधन दिया।
वननेस टीम को विजेता कप के साथ सम्मानित किया गया, इसके साथ ही विजेता टीम को 21 हजार रूपए का पुरस्कार दिया गया।उपविजेता सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स को उपविजेता कप के साथ सम्मानित किया गया, उपविजेता टीम को 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया।मैचों की श्रृंखला में बेहतर प्रदर्शन के कारण चिराग रहदवानी को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया,समाज के युवाओं की इस पहल की सभी जगह सराहना हुई,सिंधी प्रीमियर लीग के आयोजक सदस्यों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया। क्रिकेट प्रतियोगिता के बेहतर संपादन में सभी सहयोगियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।