​देश की पहली ‘डिजिटल जनगणना’ की तैयारी शुरू: छिंदवाड़ा में कलेक्टर ने ली समन्वय समिति की बैठक

10

 

​01 से 30 मई तक होगा मकानों का सूचीकरण, मोबाइल ऐप से जुटाए जाएंगे आंकड़े

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जिले में इस महाअभियान के सफल संचालन और सटीक पर्यवेक्षण के लिए आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला जनगणना समन्वय समिति की पहली महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी हरेन्द्र नारायन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनगणना के डिजिटल स्वरूप और इसकी रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
​दो चरणों में संपन्न होगा महाभियान
​भारत सरकार द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी श्री अनुज सोलंकी ने बताया कि जनगणना 2027 का कार्य दो व्यवस्थित चरणों में पूरा किया जाएगा
​प्रथम चरण (1 से 30 मई 2026) इस दौरान मकानों का सूचीकरण और मकान गणना का कार्य होगा।
​द्वितीय चरण (फरवरी 2027) इस मुख्य चरण में वास्तविक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
​खास बात ऐप और पोर्टल से होगी ‘स्मार्ट’ गणना
​इतिहास में पहली बार, भारत की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है।
​मोबाइल ऐप प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से सीधे डेटा संकलित करेंगे।
​स्व-गणना आम नागरिकों के लिए एक विशेष वेब पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जहाँ वे स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
​जिम्मेदारी तय, जल्द शुरू होगा प्रशिक्षण
​प्रशासन ने इस कार्य के लिए अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट कर दी है। कलेक्टर जिले के प्रमुख जनगणना अधिकारी होंगे, जबकि तहसीलदारों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों का चार्ज अधिकारी बनाया गया है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार और अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जल्द ही इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विस्तृत प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
​”यह देश की पहली डिजिटल जनगणना है। डेटा संकलन में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए ऐप का उपयोग किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय से इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाएं।” हरेन्द्र नारायन, कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी

Leave A Reply

Your email address will not be published.