लापता युवक का जंगल में मिला शव, परिजनों ने पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

8

जबलपुर/मंडला। मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी 30 वर्षीय युवक सुमित कुशवाहा की हत्या कर शव को मंडला जिले के जंगल में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सुमित 11 फरवरी से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। मृतक मूलतः ग्राम घाना तिलवारा (जबलपुर) का निवासी था और उसकी शादी मंडला जिले के टिकरिया गांव में रहने वाली जमुना पटेल से हुई थी।

पत्नी से मिलने गया था मंडला

बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी जमुना पटेल पिछले करीब एक वर्ष से मायके में रह रही थी। सुमित 11 फरवरी को पत्नी से मिलने मंडला गया था। परिजनों के मुताबिक वह पत्नी को साथ लेकर जबलपुर के लिए निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा।

घर न लौटने पर उसके भाई अमित कुशवाहा मंडला पहुंचे और टिकरिया थाने में गुमशुदगी की जानकारी दी। इसी दौरान ग्रामीणों ने टिकरिया के जंगल में एक शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी।

धारदार हथियार से हमले के निशान

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव की शिनाख्त कराई, जहां परिजनों ने उसे सुमित कुशवाहा के रूप में पहचाना। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

शव को शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

पत्नी पर लगाया गंभीर आरोप

मृतक के भाई अमित कुशवाहा ने सुमित की पत्नी जमुना पटेल पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि जमुना का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था और उसी के साथ मिलकर सुमित की हत्या कर शव जंगल में फेंका गया।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.