“दूध के कंटेनरों में छिपी थी शराब… बीजाडांडी में पुलिस का ‘पुष्पा स्टाइल’ एक्शन, 3 तस्कर गिरफ्तार
जबलपुर।दूध के कंटेनर में दारू… और समझ बैठे कि पुलिस को भनक भी नहीं लगेगी। लेकिन इस बार किस्मत ने साथ नहीं दिया। जबलपुर से मंडला की ओर जा रही शराब की खेप को पुलिस ने बीजाडांडी के पास फिल्मी अंदाज़ में घेराबंदी कर पकड़ लिया। कंटेनर खोले गए तो दूध नहीं, बल्कि अंग्रेजी शराब की बोतलें बाहर आने लगीं। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को धर दबोचा और करीब 9.62 लाख रुपये की शराब जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार, अवैध कारोबारी जबलपुर से एक मैजिक वाहन में दूध के कंटेनरों के अंदर शराब छिपाकर मंडला भेज रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने बरेला के आगे बीजाडांडी के पास चेकिंग प्वाइंट लगा दिया। जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर मैजिक वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान जब कंटेनरों को खोला गया तो अंदर से दूध नहीं बल्कि अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से वाहन चालक मनमोहन झारिया (निवासी सालीवाड़ा) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी को सुरक्षित बनाने के लिए एक टोयोटा ईटियॉस कार मैजिक वाहन के आगे-आगे चल रही थी, ताकि रास्ते में पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस ने इस कार में सवार प्रिंस गुप्ता और संजय दोहरे उर्फ रेडए (निवासी मंडला) को भी पकड़ लिया।
पुलिस का कहना है कि संजय दोहरे, प्रिंस गुप्ता और मनमोहन झारिया के खिलाफ पहले से ही आबकारी के कई मामले दर्ज हैं और तीनों आदतन शराब तस्कर बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस शराब की खेप को मंडला में किसे सप्लाई किया जाना था।