गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था पर मंथन: नगर पालिका अध्यक्ष ने बुलाई बैठक, अवैध मोटर जब्ती के निर्देश
दैनिक रेवांचल टाइम्स – सिवनी, शहर में गर्मी के मौसम के दौरान पेयजल संकट से निपटने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने 13 मार्च 2026 को नगर पालिका कार्यालय में पार्षदों और अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में शहर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति बनाए रखने तथा संभावित समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि सिवनी नगर में पेयजल आपूर्ति भीमगढ़ जलाशय से की जाती है। वहीं एलएनटी कंपनी के माध्यम से आसपास के 216 ग्रामीण गांवों में भी पानी की सप्लाई की जा रही है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही भीमगढ़ डैम में अवैध मोटर पंपों के अधिक संचालन से जलस्तर में लगातार गिरावट आ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए बैठक में अवैध मोटर पंपों की जब्ती और चालानी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। साथ ही विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए बिजली विभाग को पत्र लिखने के निर्देश भी दिए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जलप्रदाय प्रभारी को निर्देश दिए कि खराब पड़े टैंकरों की मरम्मत कराई जाए और जरूरत वाले वार्डों में नए बोर करवाए जाएं। गर्मी के दौरान यदि किसी क्षेत्र में पेयजल समस्या आती है तो टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा गांधी भवन पंप को प्रतिदिन सुबह 7 बजे से चालू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शहर के सार्वजनिक कुओं और अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई कराने तथा गर्मी के दौरान सार्वजनिक प्याऊ शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं बबरिया तालाब के गहरीकरण का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 14 मार्च को नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद और अधिकारी भीमगढ़ डैम पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। बैठक की जानकारी मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्री, आयुक्त, सांसद, विधायक और कलेक्टर को पत्र लिखकर भी दी गई है।
बैठक में पार्षद रविशंकर गुड्डा भांगरे, गोविंदी रवि सैयाम, जीतू तरुण श्रीवास, अनुसुईया अनिल पटवा, साक्षी डागोरिया, चंदन खताबिया, राजेश राजू यादव, संजय भलावी, सीएमओ विशाल सिंह मस्कोले, सहायक यंत्री देवेश्वरी धुर्वे सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।