वैनगंगा उद्गम स्थल पर 3 करोड़ के निर्माण में गड़बड़ी के आरोप, बिना सूचना पटल चल रहा काम

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी- जिले की जीवनदायिनी वैनगंगा नदी के उद्गम स्थल पर पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 3 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे निर्माण कार्य में लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर अब तक कोई सूचना पटल नहीं लगाया गया, जिससे यह पता नहीं चल पा रहा कि कार्य किस विभाग की देखरेख में हो रहा है, कितनी राशि स्वीकृत हुई है और किन-किन कार्यों का निर्माण किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह निर्माण कार्य पेटी ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। स्थानीय निवासी गोपालगंज ने बताया कि उन्होंने यह कार्य पेटी में लिया है, जबकि मुख्य ठेकेदार भोपाल के खान ठेकेदार बताए जा रहे हैं। निर्माण स्थल पर शौचालय, डिसेल्टर, बाउंड्री वॉल, कुंड की खुदाई, पेड़ों के चबूतरे, लगभग 15 प्लांटर तथा करीब 30 मीटर सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ों के लिए बनाए गए चबूतरों में आज तक पानी की तराई नहीं की गई, जिससे निर्माण सामग्री हाथ लगाने पर ही झड़ने लगी है। वहीं उद्गम स्थल पर करीब 7 फीट गहरा कुंड खोदकर खुला छोड़ दिया गया है, जिसे अब तक ढका नहीं गया है। यहां रोजाना श्रद्धालुओं और बच्चों का आना-जाना रहता है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य गेट से सीसी सड़क बनाने की बात कही गई थी, लेकिन सड़क को दूसरी जगह बना दिया गया। उस पर भी पानी की तराई नहीं होने से सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में पेटी ठेकेदार का कहना है कि स्थल पर पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण तराई नहीं हो पा रही है, वहीं कुंड भी फिलहाल खुला पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए, गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और निर्माण स्थल पर सूचना पटल लगाकर पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए।