बड़ी खबर….. कालपी में मौत का पुल: जर्जर ढांचे ने निगल ली 4 जिंदगियां, पहचान तक नहीं—प्रशासन सवालों के घेरे में
दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। जिले के कालपी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार युवकों की जिंदगी छीन ली। कालपी-भैंसवाही मार्ग पर बने एक जर्जर पुल से मोटरसाइकिल नीचे गिर गई, जिससे मौके पर ही चारों युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
वही प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और पुल पार करते समय असंतुलित होकर सीधे नीचे जा गिरे। पुल की हालत पहले से ही खराब बताई जा रही है, जिससे यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर ऐसे खतरनाक ढांचे पर आवागमन की अनुमति क्यों दी गई?
मौके पर पहुंची दो थानों की पुलिस, पहचान अब भी अधूरी
वही जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही निवास और बीजाडांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा शवों को कब्जे में लेकर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन देर रात तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
जर्जर पुल बना मौत का फंदा—कौन जिम्मेदार?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल लंबे समय से बदहाल स्थिति में है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने कभी ध्यान नहीं दिया। सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा था?
इलाके में शोक और गुस्से का माहौल
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं लोगों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी भी देखी जा रही है।