तेज रफ्तार का कहर: हाइवा की टक्कर से श्रमिक की मौत, ग्रामीणों का चक्का जाम

मंडला। एमपी के मंडला-जबलपुर मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। शर्मा होटल के पास एक हाइवा ने लकड़ी से भरे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रक में सवार एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे जबलपुर-मंडला रोड पर जाम की स्थिति बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल हुए इंद्रेश पंद्रे (निवासी झीगरा टोला, मझगांव) टक्कर के बाद उछलकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जबलपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

इंद्रेश की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। आज दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। उन्होंने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

चक्का जाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार जमना प्रसाद भगत और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना और उचित मुआवजे व कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कर मार्ग को फिर से चालू किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.