रामनवमी पर्व के दृष्टिगत मंडला पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़
*शांति एवं सुरक्षा हेतु मंडला पुलिस का व्यापक फ्लैग मार्च, ड्रोन से निगरानी
दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में आगामी रामनवमी पर्व के दृष्टिगत कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर रेडक्रॉस, स्टेडियम के बाजू, जेलघाट, विवेकानंद चौक, रब्बानी चौक, उदय चौक, बुधवारी, रंगरेज घाट, इलाही चौक, पड़ाव, चिलमन चौक, बस स्टैंड, बिंझिया, कटरा, नर्मदा घाट, पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजू कॉलोनी, झंडा चौक, चुना भट्टा, ईदगाह, नेहरू स्मारक, रपटा घाट, दादा धानीराम, कारीकोन, आगन तिराहा, बजरंग चौक होते हुए पुनः थाना कोतवाली में संपन्न हुआ।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल द्वारा मुख्य मार्गों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन को शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु जागरूक किया गया।
दिनांक 27/03/2026 को आयोजित होने वाले रामनवमी कार्यक्रमों के दृष्टिगत मंडला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों एवं नर्मदा घाटों में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही विशेष स्थलों में आयोजित कार्यक्रमों में CCTV कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
फ्लैग मार्च में एसडीएम मंडला सोनल सिडाम, एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा, तहसीलदार मंडला हिमांशु भलावी, नायब तहसीलदार पुष्पेन्द्र पंद्रे, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, थाना कोतवाली प्रभारी शफीक खान, यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।
मंडला पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सूचना होने पर तत्काल डायल 112 या संबंधित थाना में पुलिस को सूचित करें।