कांचघर दशहरा चल समारोह में चली गोलियां, कांग्रेस–भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत से मचा हड़कंप
जबलपुर। शहर के बीचोंबीच कांचघर चौक पर चल रहे दशहरा चल समारोह के दौरान शुक्रवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं, जिससे पूरे क्षेत्र में भगदड़ का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कांचघर चौक पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही संगठनों के मंच पास-पास लगे हुए थे। दोनों पक्षों के मंचों से कार्यक्रमों का संचालन चल रहा था। इसी दौरान कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया अपने समर्थकों के साथ वहां से गुज़रे, जहां भाजपा के पूर्व विधायक अंचल सोनकर मौजूद थे। इसी बीच दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में तीखी बहस हुई और हालात बेकाबू हो गए। कुछ ही देर में हवा में गोलियां चलने लगीं, जिससे समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसी भी बड़े हादसे को टालने के लिए स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर डटे हुए हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। वहीं, गोली चलाने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे कांचघर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।