मनरेगा कार्य से लौट रही महिला की संदिग्ध मृत्यु, परिजनों ने पंचायत पर लापरवाही का लगाया आरोप
रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत देवरी, जनपद नारायणगंज में 5 दिसंबर 2025 को कंटूर कार्य कराया जा रहा था। इस कार्य में लगभग 55 जॉब कार्ड धारकों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। सुबह फोटो उपस्थिति के बाद सभी मजदूरों ने नियमानुसार दिनभर कार्य किया।
शाम करीब 5 बजे के आसपास जब सभी मजदूर कार्य समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे, तभी समूह में शामिल एक महिला अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।सूत्रों से जानकारी अनुसार परिजनों ने पंचायत को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि पंचायत की लापरवाही के कारण महिला की मृत्यु हुई है। उनके अनुसार पंचायत के पास फर्स्ट एड बॉक्स जैसे आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध नहीं थे, जिससे समय पर सहायता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना सरपंच पति द्वारा पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही टिकरिया थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा। 6 दिसंबर की सुबह पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
टिकरिया थाना प्रभारी द्वारा बताया गया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु हार्ट अटैक आने से होना पाया गया है।”