मंडला: कलेक्टर ने बकोरी धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों से संवाद कर परखी व्यवस्थाएं
मंडला। मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बुधवार शाम करीब चार बजे ग्राम बकोरी स्थित धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र पर मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने किसानों के सामने ही धान की बोरियों की तौल करवाई। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि धान खरीदी शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी तरीके से की जा रही है और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे। उन्होंने तौल प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण और रजिस्टर संधारण की भी जांच की।
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए और खरीदी केंद्र पर साफ-सफाई, छांव, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।