छिंदवाड़ा को सौगात…फरवरी में होगा शंकर शाह विश्वविद्यालय का भूमिपूजन
सांसद के प्रयासों को मिली सफलता, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने की घोषणा
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|जिले के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। सांसद बंटी विवेक साहू की सक्रिय पहल के बाद अब राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय के स्वयं के भवन का निर्माण कार्य जल्द ही मूर्त रूप लेगा। बुधवार को छिंदवाड़ा प्रवास पर आए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने विश्वास दिलाया है कि विश्वविद्यालय की भव्य बिल्डिंग के लिए आगामी फरवरी माह में भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी।
*सांसद की पहल पर लगी मुहर*
सांसद बंटी विवेक साहू विश्वविद्यालय को सर्वसुविधायुक्त भवन दिलाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। उन्होंने मंत्री परमार से चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया कि छात्रों के भविष्य और प्रशासनिक सुगमता के लिए स्वयं का परिसर होना अत्यंत आवश्यक है। सांसद की गंभीरता और जनहित को देखते हुए *उच्च शिक्षा मंत्री ने मंच से ही फरवरी में पुनः छिंदवाड़ा आकर भूमिपूजन करने की घोषणा कर दी*
सारना में आकार लेगा शिक्षा का नया केंद्र
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय परिसर के लिए शहर के समीप सारना में भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। वर्तमान में विश्वविद्यालय किराए या अस्थाई व्यवस्थाओं के तहत संचालित हो रहा है, जिससे कई प्रकार की बाधाएं आती हैं। अपना परिसर बन जाने से न केवल शैक्षणिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि शोध और खेल-कूद जैसी सुविधाओं के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा।
*हर्ष की लहर*
इस घोषणा के बाद जिले के भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विशेषकर छात्र जगत में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए सांसद और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
*प्रमुख बिंदु*
स्थान सारना के पास आवंटित भूमि पर बनेगा विशाल परिसर।
समय सीमा फरवरी माह में होगा भूमिपूजन।
लाभ जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को मिलेगी विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं।