गणतंत्र दिवस पर बिलाई खार में मड़ई का हुआ आयोजन
रामधुन कीर्तन और भंडारा भी हुआ संपन्न
आस्था और संस्कृति का दिखा संगम
दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – मुख्यालय के नजदीकी ग्राम बिलाईखार में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मड़ई मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक आयोजन में ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिला-पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र मेले के रंग में रंगा नजर आया।
मड़ई मेले में खेल-तमाशे, खिलौने, कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खान-पान की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर रविवार को महारानी स्थल के समीप रामधुन का धार्मिक आयोजन किया गया, जो सोमवार को मड़ई आयोजन के दिन भी पूरे श्रद्धा-भाव के साथ जारी रहा। सायंकाल रामधुन का विधिवत समापन किया गया, जिसके उपरांत भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर लोगो ने आपसी भाईचारे जताते हुए गणतंत्र दिवस के साथ ही मड़ई के आयोजन की बधाई भी एक दूसरे को दी।
मड़ई के आयोजन से क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा देखने को मिली , ग्रामीणों ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।