नन्हे हाथों ने उकेरे प्रकृति के रंग: ‘मिशन लाइफ’ के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रेवांचल टाइम्स​छिंदवाड़ा|नगर के प्रतिष्ठित बालाजी पब्लिक स्कूल में ईको क्लब के तत्वावधान में ‘सतत जीवनशैली’ विषय पर आधारित एक विशेष पर्यावरण शिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और विजन के माध्यम से पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया।
*​फोटोग्राफी और चित्रकला में दिखा उत्साह*
​’मिशन लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरमेंट’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच फोटोग्राफी एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई गईं। कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र विद्यार्थियों द्वारा धरम टेकड़ी पर की गई प्रकृति फोटोग्राफी रही। हाल ही में किए गए पर्यावरणीय भ्रमण की यादों को एक फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यालय में जीवंत किया गया, जिसकी आगंतुकों ने काफी सराहना की।
​दिग्गजों ने दी पर्यावरण अनुकूल जीवन की सीख
​कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरण संरक्षक देवेन्द्र उपासनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से पॉलीथीन का त्याग करने की मार्मिक अपील की। उल्लेखनीय है कि उपासनी के स्वच्छता गीतों को मध्यप्रदेश शासन ने अपने स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनाया है।
​वहीं, प्रसिद्ध पर्यावरणविद विनोद तिवारी ने अपनी जीवनशैली को प्रकृति के अनुकूल ढालने पर जोर दिया और विद्यालय द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की प्रशंसा की।
*​विद्यालय की पहल और सम्मान*
​विद्यालय की प्राचार्या श्रीमति बी. अनुराधा नायडू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि,
​”पर्यावरण संरक्षण केवल एक विचार नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार का हिस्सा होना चाहिए। हमें रोज़मर्रा के जीवन में नए और छोटे बदलावों से बड़े सकारात्मक प्रभाव लाने होंगे।”
​समारोह के अंत में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ईको क्लब प्रभारी पंकज बरनवाल सहित शिक्षक फिरोज़ अली, जावेद खान, नरेश जोशी, आनंद वर्मा, सोनम श्रीवास्तव एवं अर्पिता शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.