बजाग में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन, “रैली निकालकर हिंदू समाज ने एकजुटता का दिया संदेश”

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग — सावरकर सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में शनिवार को सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन भव्य, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सर्व हिंदू समाज द्वारा पूर्व से ही व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। आयोजन से पूर्व नगर में घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र वितरित किए गए तथा हिंदू समाज की एकजुटता का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य रैली निकाली गई।
रैली में महिला-पुरुषों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। हाथों में भगवा ध्वज लेकर जयघोष करते हुए प्रतिभागियों ने नगर भ्रमण किया। रैली के माध्यम से सामाजिक समरसता, धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया।
सम्मेलन के दौरान गौ-पूजन, अतिथि स्वागत, धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
खंड केंद्र बजाग में आयोजित इस विशाल हिंदू सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट करना तथा अपने गौरवशाली इतिहास एवं सांस्कृतिक मूल्यों की स्मृति को सुदृढ़ बनाए रखना रहा।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मंडला विभाग के सहविभाग कार्यवाहक श्री महेंद्र धर बड़गैया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में महंत नरेंद्र दास, बजरंग मंदिर बजाग के पंडा अमर सिंह सैयाम एवं मातृशक्ति से श्रीमती मंजू साहू प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
मुख्य वक्ता श्री बड़गैया ने अपने संबोधन में समाज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका एवं उसके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज समाज जातिगत विभाजन के कारण एक-दूसरे से दूर होता जा रहा है, जबकि समय की मांग है कि सभी वर्ग एकजुट होकर सामाजिक समरसता को मजबूत करें। उन्होंने जागरूकता और एकता पर विशेष बल दिया।
महंत नरेंद्र दास ने अपने उद्बोधन में कहा कि अतीत में समाज को जाति-पाति के नाम पर बांटा गया, जिसका दुष्परिणाम आज भी देखने को मिल रहा है। अब समय आ गया है कि इन भेदभावों को समाप्त कर एकजुट होकर समाज और राष्ट्र के हित में कार्य किया जाए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. लोकेश साहू द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत वीरों और महापुरुषों की भूमि है, जहां महाराणा प्रताप, बिरसा मुंडा, वीर शिवाजी और पोरस जैसे महान योद्धाओं ने जन्म लिया। उन्होंने युवाओं से समाज, देश और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में खंड संघचालक सुरेंद्र बचलाहा द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.