भुआ बिछिया में जादू-टोना के शक में बैगा महिला की निर्मम हत्या, आरोपी फरार

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला जिले के थाना भुआ बिछिया क्षेत्र में जादू-टोना के संदेह में एक बैगा महिला की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे, एक युवक ने धारदार कुल्हाड़ी से बैगा महिला फूलकली बाई पर उसकी गर्दन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के समय आसपास की ग्रामीण महिलाएं कुएं से पानी भर रही थीं। फूलकली बाई की चीख-पुकार सुनकर महिलाएं दौड़कर मौके पर पहुंचीं, लेकिन महिलाओं की भीड़ को देखकर आरोपी युवक हथियार सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बिछिया के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर रवाना हुई और घायल महिला को डायल 112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह घटना एक बार फिर आदिवासी अंचलों में फैली अंधविश्वास और जादू-टोना जैसी कुप्रथाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.