नन्हे कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश

​स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 गुरैया मंडी में नगर निगम ने चलाया विशेष जनजागरूकता अभियान

*जितेन्द्र अलबेला*

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा|नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महापौर विक्रम आहके एवं आयुक्त सी. पी. राय के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक 40, गुरैया सब्जी मंडी क्षेत्र में एक वृहद जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र स्वच्छता, नशा मुक्ति और सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जंग रहा।
​बच्चों की भावनात्मक प्रस्तुति ने जीता दिल
​जमुनिया प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों ने अपनी शिक्षिका के कुशल निर्देशन में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नन्हे स्कूली बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से समाज में फैली नशे की कुरीति, गंदगी से पनपने वाली बीमारियों और सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को हो रहे अपूर्णीय क्षति के प्रति नागरिकों को सचेत किया। बच्चों की इस मार्मिक प्रस्तुति ने वहां मौजूद जनसमूह को सोचने पर मजबूर कर दिया और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।
*​स्वच्छता रैली ‘प्लास्टिक छोड़ें, कपड़े का थैला अपनाएं’*
​नुक्कड़ नाटक के उपरांत एक विशाल स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे दैनिक जीवन में प्लास्टिक की थैलियों का त्याग कर कपड़े के थैलों का उपयोग शुरू करें। नारों और तख्तियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
*​इनकी रही गरिमामय उपस्थिति*
​कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध जनों और समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मीरा परडकर, श्रीमती अलका शुक्ला, मोहम्मद इस्माइल कुरैशी (टी. वर्ल्ड स्कूल), डॉ. नरेंद्र सोमकुंवर (हमारा संकल्प वेलफेयर सोसायटी), डॉ. महेश बंदेवार (आदर्श फाउंडेशन), शैलेंद्र उज्जैनें (मानव अधिकार मिशन), वंदना भटपागर (मातृ शिक्षा समिति) सहित समाजसेवी आराधना पवार एवं अंजू साहू उपस्थित रहीं।
​वेस्ट मैनेजमेंट के गुर सिखाए
​नगर निगम की स्वच्छता टीम और सिद्धिविनायक वेस्ट मैनेजमेंट की टीम (देवीदास पाठक एवं सिमरन सिंह के मार्गदर्शन में) ने नागरिकों को कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक निष्पादन की तकनीकी जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि एक जागरूक नागरिक ही स्वस्थ और सुरक्षित समाज की नींव रख सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.