स्वास्थ्य विभाग की नींद पर सवाल: लिंगा में खुलेआम चल रहा फर्जी क्लिनिक, प्रशासन मौन
छिंदवाड़ा रेवांचल टाइम्स – कफ सिरप कांड के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बेखबर,
लिंगा में डॉ. अरविंद राउत का फर्जी क्लिनिक बेधड़क संचालित
स्वास्थ्य अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल, लिंगा में अवैध क्लिनिक से जनता की जान खतरे में
प्रशासन की अनदेखी भारी, लिंगा में फर्जी क्लिनिक चला रहे डॉ. अरविंद राउत पर नहीं कार्रवाई
छिंदवाड़ा। परासिया विधानसभा क्षेत्र में सामने आए कफ सिरप कांड के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगे हुए हैं। एक ओर जहां मासूमों की जान से जुड़े मामलों ने पूरे जिले को झकझोर दिया, वहीं दूसरी ओर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) और जिला प्रशासन की भूमिका संदेह के घेरे में नजर आ रही है।
ताजा मामला लिंगा क्षेत्र का है, जहां डॉ. अरविंद राउत द्वारा कथित रूप से बिना वैध पंजीयन और अनुमति के क्लिनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह क्लिनिक लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा मामला प्रशासन की जानकारी के बावजूद अनदेखा किया जा रहा है। सवाल यह उठता है कि क्या अवैध क्लिनिकों को किसी स्तर पर संरक्षण प्राप्त है?
इसी मामले की जानकारी जुटाने पहुंचे पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं, जिससे पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी लापरवाही भरे इलाज के मामले सामने आ चुके हैं। यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा, तो भविष्य में किसी बड़ी और दुखद घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि
अवैध क्लिनिकों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
स्वास्थ्य विभाग कब तक मौन साधे रहेगा?
जनता ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर लगाम लग सके।