मण्डला पुलिस ने महिला की अंधी हत्या का किया सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार”
"गिट्टी खदान में मिले शव की गुत्थी सुलझी, जमीन विवाद में हुई थी महिला की हत्या"
पुलिस अधीक्षक मण्डला रजत सकलेचा के निर्देशन में थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत एक महिला की अंधी हत्या के प्रकरण का सफल खुलासा करते हुए मण्डला पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
*घटना का विवरण* – दिनांक 18.01.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि बंजाराटोला खुर्शीपार स्थित गिट्टी खदान के पानी से भरे गड्ढे में एक महिला का शव तैर रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची एवं उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। शव की पहचान *सुकदेव उइके, निवासी ग्राम खोहरी द्वारा अपनी माता हरौती बाई* के रूप में की गई।
जांच में पाया गया कि मृतिका दिनांक 06.01.2026 को रोज़ की तरह खेत गई थी, जो वापस नहीं लौटी थी। इस संबंध में दिनांक 07.01.2026 को *थाना नैनपुर* में गुम इंसान रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शव परीक्षण के दौरान मृतिका के सिर पर पीली प्लास्टिक बोरी में पत्थर बंधे होना, कमर में ईंट-पत्थर बंधे होना, गले में गमछा लिपटा होना तथा मृतिका की लाठी शव के साथ बंधी होना पाया गया, जिससे हत्या कर साक्ष्य छुपाने का प्रयास स्पष्ट हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट पर *थाना महाराजपुर* में अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
*पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन पर एसडीओपी मण्डला श्री पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम*(एस आई टी) गठित की गई। तकनीकी सहायता एवं स्थानीय सूचना के आधार पर *संदेही संदीप भलावी* से पूछताछ की गई, जिसने अपराध स्वीकार किया।
जाँच में पाया गया कि *आरोपी संदीप भलावी के पिता का खेत वर्ष 2015 में मृतिका के पुत्र सुकदेव उइके को ठेके पर दिया गया था, जिसे वापस न मिलने के कारण दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से लगभग दो दिन पूर्व आरोपी के बैल मृतिका के खेत में लगी फसल को खा गए थे, जिस पर मृतिका द्वारा आरोपी को गाली-गलौज की गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मृतिका की हत्या करने की योजना बनाई।*
दिनांक 06.01.2026 को जब मृतिका अपने खेत में फसल की रखवाली करने आई, तब आरोपी ने उससे बातचीत की और यह कहते हुए कि डॉक्टर को दिखाना है, अपनी *मोटर साइकिल क्रमांक MP-51-MH-9923* से डिठौरी ले जाने का बहाना बनाया। रास्ते में आरोपी ने दिशा बदलकर मृतिका को पुनः खेत की झोपड़ी में ले जाकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर आरोपी घर चला गया। रात्रि में आरोपी पुनः मौके पर आया, मृतिका की लाठी को उसी की साड़ी से शव के साथ बांधा, पीली प्लास्टिक बोरी में पत्थर रखकर सिर व कमर में बांधे तथा शव को मोटर साइकिल पर रखकर गिट्टी खदान के पानी में फेंक दिया।
*आरोपी को दिनांक 04.02.2026 को रात्रि 22:10 बजे गिरफ्तार* किया गया।
*आरोपी का नाम* = संदीप भलावी पिता मुन्ना लाल, उम्र 24 वर्ष,ग्राम खोहरी, नैनपुर
*जप्त समान=* आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, सागौन लकड़ी का डंडा एवं घटना के समय पहने कपड़े ।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।