मंडला: अंधी हत्या का पर्दाफाश, मोटरसाइकिल से ले जाकर की गई वारदात

17

मंडला।पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में मंडला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत एक महिला की अंधी हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि बंजारीटोला खुखरापार स्थित गिधि खदान के पानी से भरे गड्ढे में एक महिला का शव तैर रहा है। सूचना पर थाना महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। मृतिका की पहचान सुकेदेव उइके निवासी ग्राम बोहटी के रूप में हुई, जिसकी पहचान उसकी माता द्वारा की गई।

जांच में सामने आया कि मृतिका पिछले कुछ समय से घर से बाहर गई थी और वापस नहीं लौटी थी। इस संबंध में थाना नेनपुर में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शव परीक्षण के दौरान मृतिका के सिर पर चोट के निशान पाए गए। गले में रस्सी, पीली प्लास्टिक बोरी में पत्थर बंधे होना और शरीर पर गंभीर चोट के संकेत मिलने से हत्या की पुष्टि हुई।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पियूष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध संदीप मलवीय से पूछताछ की गई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी के पिता ने वर्ष 2015 में मृतिका के पुत्र सुकेदेव उइके को खेत ठेके पर दिया था, जो वापस नहीं मिलने से दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से दो दिन पहले आरोपी ने मृतिका के खेत की फसल काट दी थी, जिस पर मृतिका द्वारा उसे गाली-गलौज की गई थी।

इसी रंजिश के चलते 06 जनवरी 2026 को आरोपी ने मृतिका को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल से ले गया। रास्ते में दिशा बदलकर उसे पुनः खेत की ओर ले जाकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, फिर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के इरादे से शव को पीली प्लास्टिक बोरी में पत्थर बांधकर मोटरसाइकिल पर लादकर गिधि खदान के पानी में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी संदीप मलवीय (24 वर्ष), निवासी ग्राम बोहटी, थाना नेनपुर को 04 फरवरी 2026 को रात 10:10 बजे गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, रस्सी और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.