उमरानाला पुलिस की दोहरी कार्रवाई: नागपुर से दस्तयाब की गई नाबालिग, सटोरियों पर भी कसा शिकंजा
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
उमरानाला पुलिस चौकी ने बीते 24 घंटों के भीतर दो बड़ी सफलताओं को अंजाम दिया है। एक ओर जहाँ पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों की खुशियाँ लौटाईं, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में सक्रिय सट्टा माफियाओं के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी।
परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा थाना प्रभारी मोहखेड़ विजय माहोंरे के मार्गदर्शन में उमरानाला पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए लापता नाबालिग बालिका का सुराग लगाया। चौकी प्रभारी राजेश साहू के नेतृत्व में टीम ने नागपुर (महाराष्ट्र) पहुँचकर बालिका को दस्तयाब किया और कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने जिगर के टुकड़े को वापस पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
सट्टा माफियाओं पर प्रहार
मानवीय संवदेनाओं के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। चौकी क्षेत्र के अंतर्गत अवैध सट्टे की मिल रही शिकायतों पर पुलिस ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान सट्टा एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल अभियान में उमरानाला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश साहू, सउनि. संजय ठाकुर, सउनि. संतोष बघेल, आरक्षक रोहित, महिला प्रआर. कुंती और साइबर सेल से नितिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुरस्कार की घोषणा: पुलिस टीम की इस तत्परता और कार्यकुशलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा ने पूरी टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।