राहुल गांधी को धमकी पर कांग्रेस का प्रहार : “लोकतंत्र को डराने की साजिश बर्दाश्त नहीं” — सिटी कोतवाली में एफआईआर
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी मंडला ने उग्र तेवर दिखाते हुए सिटी कोतवाली पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस ने करणी सेना से जुड़े राज आमेरा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह केवल एक नेता को दी गई धमकी नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक व्यवस्था को डराने की सुनियोजित साजिश है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
डॉ. मर्सकोले ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि
“देश के नेता प्रतिपक्ष को खुलेआम जान से मारने की धमकी देना कानून-व्यवस्था की विफलता का जीता-जागता प्रमाण है। क्या लोकतंत्र में अब विपक्ष की आवाज को इस तरह दबाने की कोशिश होगी? कांग्रेस डरने वाली नहीं है, संघर्ष और तेज होगा।”
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आपराधिक और उकसाने वाली भाषा सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास है और ऐसे लोगों पर तत्काल कठोर धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले को हल्के में लेने की गलती न की जाए, अन्यथा व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
कोतवाली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि
“राहुल गांधी पर हमला नहीं सहेगा हिंदुस्तान”
और दोषियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि देश में विपक्ष की आवाज को दबाने का माहौल बनाया जा रहा है, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और एक स्वर में आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।