थाने के सामने से बाइक पार, CCTV में कैद संदिग्ध

6

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला नगर में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हद तो तब हो गई जब चोरों ने सीधे थाना क्षेत्र के सामने से ही वारदात को अंजाम दे डाला। मामला टिकरिया थाना क्षेत्र का है, जहां 19 फरवरी 2026 की रात करीब 12 बजे अज्ञात बदमाश एक घर के आंगन से मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चोरी गई मोटरसाइकिल (क्रमांक TS 13 EZ 3572) घर के सामने खड़ी थी। रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए चोर पैदल आया, आसपास की टोह ली और कुछ ही मिनटों में बाइक को लेकर चलता बना। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। फुटेज में वह पहले इधर-उधर नजर दौड़ाता है, फिर तेजी से बाइक को मौके से लेकर फरार हो जाता है।
पीड़ित ने घटना के बाद थाना नारायणगंज में लिखित शिकायत दर्ज कराई और त्वरित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू करने की बात कही है, लेकिन अब तक न तो आरोपी की पहचान सार्वजनिक की गई है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है।
CCTV में कैद, फिर भी कार्रवाई सुस्त
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब थाना क्षेत्र के ठीक सामने से चोरी हो रही है तो आम लोगों की सुरक्षा की क्या गारंटी है लोगों का आरोप है कि नगर में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकतर मामलों में न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई और न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है।
व्यापारी वर्ग और मोहल्लेवासियों का कहना है कि रात के समय गश्त नाममात्र की होती है। कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट बंद रहती हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का मानना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दिखाई दे रहा है, तो उसकी पहचान कर गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है
नागरिकों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच, मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है।
सामाजिक संगठनों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इसलिए बुलंद हैं क्योंकि उन्हें कार्रवाई का डर नहीं है। यदि एक-दो मामलों में सख्त कार्रवाई कर उदाहरण पेश किया जाए तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
नगर में यह पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ चोरी, की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन ज्यादातर मामलों में जांच लंबी खिंचती रही और परिणाम शून्य रहा। ऐसे में लोगों का भरोसा डगमगाने लगा है।
जानकारी अनुसार फिलहाल पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब देखना होगा कि यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाता है या वास्तव में पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने में सफल होती है।
नगरवासियों की निगाहें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो चोरों के हौसले और बुलंद होना तय है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.